Thursday, March 24, 2016

रंगोत्सव की धुन पर जम कर थिरकी रामनगरी

रंगोत्सव की धुन पर जम कर थिरकी रामनगरी

Thu, 24 Mar 2016 11:27 PM (IST)
अयोध्या: रामनगरी होली के रंग में डूबी नजर आई। बच्चों और युवाओं से लेकर बड़े-बूढ़े तक रंगों के आदान-प्रदान में मगन रहे। पौ फटते ही होली का हुलास बिखरा। नित्य क्रिया के बाद ही लोग सड़क पर आ गए। बच्चे पिचकारी और गुब्बारे से सामने वाले को लाल कर रहे थे, तो किशोर और युवा पूरे अधिकार से होली की साध पूरी कर रहे थे। देखते-देखते विभिन्न मार्ग होलिकारों से पट गए। यह सिलसिला अपराह्न तक चला। विभिन्न मंदिर भी होली से गुलजार रहे। यूं तो प्राय: सभी मंदिरों में प्रात: पूजन-अर्चन के उपरांत आराध्य के विग्रह को रंग-गुलाल अर्पित किया गया पर कुछ मंदिरों में होली की भरी-पूरी महफिल सजी। मंदिरों के प्रांगण रंग-गुलाल से सराबोर हुए, आराध्य के दरबार में राग-रंग से ओत-प्रोत होली गीत अर्पित हुए। होली के प्रवाह में होलिकारों के जुलूस ने भी समां बांधा। बजरंगबली की प्रधानतम पीठ हनुमानगढ़ी से भी ढोल-नगाड़ा के साथ सैकड़ों नागा साधु निकले। पुजारी रमेशदास, राजूदास, राजेश पहलवान, मनीरामदास, विवेकदास, रामसुंदरदास, नवीनदास आदि के संयोजन में निकले जुलूस में सौ के करीब नागा साधु शामिल रहे। उहोंने रंगमहल, जगन्नाथ मंदिर, लवकुश मंदिर, जानकीघाट बड़ास्थान, रामवल्लभाकुंज, खाकचौक आदि मंदिरों तक पहुंच होली की रौनक बुलंद की। रामकोट स्थित प्रमुख पीठ दशरथगद्दी में महंत बृजमोहनदास के संयोजन में फूलों की होली खेली गई। उन्होंने कहा कि होली मेल-मिलाप का पर्व है और यह निकटता फूलों की तरह नरमी, ताजगी और सुगंध की बनुयिाद पर होनी चाहिए। ऐसे में फूलों से बेहतर होली का कोई और माध्यम नहीं है। रसिकों की प्रधान पीठ लक्ष्मणकिला में रंगों के साथ आचार्य प्रणीत रंग भरे पदों से होली मनाई गई। रामभक्तों की प्रधान पीठ कनकभवन प्रात:काल से ही गुलजार रही पर सांझ ढलते ही कनकबिहारी के दरबार की रौनक शिखर पर पहुंची। पुष्पों और इत्र की भीनी सुगंध एवं अबीर-गुलाल की धुंध के बीच भक्तों का रेला पूरी चहक के साथ कनकबिहारी के दरबार में उपस्थित था, तो मंजे गायकों का समूह अध्यात्म में लिपटे फाग प्रस्तुत कर इस अवसर को यादगार बना रहा था। कनकबिहारी के विशेष अनुरागी मधुकरी संत मिथिलाबिहारीदास के अनुसार यहां भगवान के सम्मुख गायकी का अलग आनंद है और होली का मौका हो, तो कहना ही क्या।
फूलों और गुलाल से आच्छादित रहा श्याम दरबार : पौराणिक महत्व की पीठ नाका हनुमानगढ़ी स्थित श्याम दरबार में होलिकोत्सव का शुभारंभ एडीएम सिटी रामनिवास शर्मा, एसपी सिटी संकल्प शर्मा एवं सिटी मजिस्ट्रेट वीके पांडेय ने किया। पीठ के प्रशासक पुजारी रामदास ने उत्सव संयोजित करने के साथ मेहमानों का स्वागत किया। तदुपरांत फूलों और गुलाल की छटा बिखरी। प्रात: से मध्याह्न तक श्याम दरबार फूलों और गुलाल की रौनक से आच्छादित रहा। गीतों के माध्यम से राधा-कृष्ण की होली पूरी रमणीयता से अभिव्यक्त हुई। कलाकारों ने घंटों समां बांधे रखा, लोग झूमते-थिरकते रहे। इस मौके पर सुरेंद्र अग्रवाल बसु, पुजारी रामनेवाजदास, अजय तिवारी, रामप्रताप ¨सह आदि सहित सैकड़ों भक्त होली की मस्ती में डूबे।
फैजाबाद में भी सिर चढ़कर बोला होली का जादू : नवाबों की पुरानी राजधानी पर भी होली का जादू सिर चढ़कर बोला। लोग सुबह से ही होली खेलने वाले संगी-साथी की तलाश में उमड़े। जल्दी ही सभी नाका-नुक्कड़ होलिकारों के कब्जे में हो गये, जो भी गुजरा उसे रंगों से सराबोर किया गया। किसी के मुंह में गाढ़ा हरा रंग तो किसी को बार्निश से पेंट किया गया, जो बचकर निकला उसके ऊपर पिचकारी की तेज धार अथवा रंग भरे गुब्बारे से प्रहार किया गया। ..तो कई हंसी-खुशी गले मिलकर होली के हुलास का आदान-प्रदान करते रहे। चौक घंटाघर, रिकाबगंज चौराहा, रिकाबगंज हनुमानगढ़ी, नियावां, फतेहगंज, मोदहा, देवकाली चौराहा, नाका, जनौरा आदि में होली खेलने वालों का मोर्चा पूरी मुश्तैदी से सजा रहा। ..तो घरों में भी होली का रंग घुलता रहा। महिलाओं से लेकर बच्चों तक ने होली की धड़कन बढ़ाए रखी। जगह-जगह से होली खेलने वालों की टोलियां थीं। वे गीत-संगीत के साथ होली की अलख जगाते आगे बढ़ रहे थे।

Unknown

Author & Editor

Has laoreet percipitur ad. Vide interesset in mei, no his legimus verterem. Et nostrum imperdiet appellantur usu, mnesarchum referrentur id vim.

0 comments:

Post a Comment